
भोपाल। पेरिस आलंपिक में लगातार तीन मैच जीतकर गोल्ड मेडल की प्रबल दावेदार विनेश फोगाट भले ही 100 ग्राम ज्यादा वजन के चलते फाइनल मुकाबले से बाहर हो गईं लेकिन हरियाणा में रविवार को उन्हें गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया। इस बीच चर्चा यह भी है कि विनेश कांग्रेस से विधानसभा का चुनाव लड़ सकती हैं। पिछले शुक्रवार को वह दिल्ली में हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा से मिली थीं। इसके बाद हुड्डा ने कहा था फोगट के साथ अन्याय हुआ है उन्हें उचित सम्मान मिलना चाहिए। कांग्रेस में शामिल होने के मामले में हुड्डा ने इशारा किया था जो कोई शामिल होगा आपको पता चल जायेगा। मन जा रहा है कि विनेश की चचेरी बहन बबीता फोगाट भाजपा की टिकट पर दादरी से चुनाव लड़ी थीं उसी सीट से विनेश को मैदान में उतारा जा सकता है। रविवार को गोल्ड मेडल से सम्मानित होने के बाद विनेश ने कहा कि अब हमें हराने वाला कोई नहीं है। सच की हमेशा जीत होती है।