भोपाल। देश के आधा दर्जन राज्यों में नए गवर्नर नियुक्त किए गए हैं जबकि तीन राज्यपालों का तबादला किया गया है। राष्ट्रपति भवन से जारी सूची के अनुसार बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओमप्रकाश माथुर को सिक्किम का गवर्नर बनाया गया है। इसी तरह असम के गवर्नर गुलाबचंद्र कटारिया को पंजाब के अलावा चंडीगढ़ के प्रशासक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष रहे हरिभाऊ बागड़े को राजस्थान और पूर्व केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार को झारखंड का जिम्मा सौंपा गया है। असम के पूर्व सांसद रामेन डेका को छत्तीसगढ़ का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। जिन राज्यपालों को हटाया गया उनमें राजस्थान से कलराज मिश्र ,छत्तीसगढ़ से विश्वभूषण हरीचंद्रन ,महाराष्ट्र से रमेश बैस ,पंजाब -चंडीगढ़ से बनवारीलाल पुरोहित ,मणिपुर से अनुसुइया उइके और मेघालय से फागू चौहान शामिल हैं। इसके अलावा तीन राज्यपालों का तबादला भी किया गया जिसमें गुलाबचंद्र कटारिया को असम से चंडीगढ़ ,सीपी राधाकृष्णन को झारखंड से महाराष्ट्र और लक्ष्मण आचार्य को सिक्किम से असम – मणिपुर भेजा गया है।
